Shri Amarnath Yatra: श्री अमरनाथ यात्रा के लिए मोटरसाइकिलों पर जा रहे जत्थे पर गांव चाहल (फरीदकोट) में पहले से घात लगाए बैठे कुछ लुटेरों ने लूटपाट के इरादे से हमला कर दिया। इसी बीच लुटेरे 3 यात्रियों को तेजधार हथियार से घायल करने के बाद बाइक और नकदी वाला बैग लेकर फरार हो गए। इस घटना की जानकारी देते हुए स्थानीय सदर थाना के एस.आई. चमकौर सिंह ने बताया कि यह हादसा कल सुबह करीब 3 बजे नेशनल हाईवे-54 पर हुआ।
उन्होंने बताया कि जीदा (बठिंडा) से करीब 11 मोटरसाइकिलों पर 22 श्रद्धालु सुबह करीब 2 बजे श्री अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना हुए और जब 3 बजे यह जत्था गांव चाहल (फरीदकोट) के सेम नाले पर पहुंचा तो 3 लुटेरे ने एक बाइक पर आए तेजधार हथियारों और लाठियों से हमला कर दिया। इसमें एक यात्री की उंगली कट गई और दूसरे की टांग पर चोटें लगी है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर हुई मारपीट के दौरान जब श्रद्धालुओं की बाइक गिर गई तो श्रद्धालु जान बचाने के लिए खेत की ओर भागे तो लुटेरे बाइक, नकदी व अन्य सामान लेकर फरार हो गए। एसआई ने बताया कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग लेकर लुटेरों की पहचान कर रही है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस घटना में घायल तीर्थयात्रियों अजय कुमार, केवल सिंह और संजीव कुमार को चिकित्सा सहायता प्रदान की गई है। उक्त तीनों घायल तीर्थयात्रियों ने बताया कि बैग में कपड़े, नकदी, एटीएम कार्ड व बाइक के कागजात समेत अन्य सामान थे, जिसे लुटेरे बाइक के साथ ही ले गए।

