Jalandhar : पंजाब में आए दिन नवजात बच्चों के शव मिलने की खबर सामने आ रही हैं, लेकिन इसी बीच एक साल के बच्चे का शव बरामद होने की सूचना मिली है। दरअसल, जालंधर शहर से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। बच्चे का शव नहर के पास से बरामद हुआ, जिसके बाद इलाके में दहशत का माहौल पैदा हो गया है। जानकारी के मुताबिक, बच्चे का शव बस्ती बावा खेल नहर के पास बरामद हुआ है।
शव मिलने की सूचना बस्ती बावा खेल निवासियों ने पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में ले लिया और मामले में जांच शुरू कर दी है। जांच दौरान सीसीटीवी कैमरे में एक महिला भी कैद हो गई है। सीसीटीवी के फुटेज में सामने आया कि एक महिला बच्चे का शव लेकर नहर के पास गई, जहां पर पहले से ही एक व्यक्ति मौजूद था। इसके बाद दोनों बच्चे के शव को नहर के किनारे छोड़कर भाग गए।
इस संबंधी जानकारी देते हुए एक व्यक्ति ने बताया कि वह अपनी बेटी के साथ नहर के पास से जा रहे थे इसी बीच उन्होंने पानी देखने के लिए गाड़ी को रोका। जब वह पास गए तो वहां पर कई बच्चे पानी नें नहा रहे थे और वहीं पास में एक बच्चे का शव पड़ा था जिसे उन्होंने पहले खिलौना समझा, जब पास जाकर देखा तो वह बच्चे का शव था। नहर में नहा रहे बच्चों से जब पूछा तो उन्होंने बताया कि कोई आंटी इसे छोड़ कर गई है। इसके बाद तुरन्त पुलिस को इसकी सूचना दे दी गई।

