International News: दुबई की शाही परिवार की सदस्य, शेखा महरा (Shaikha Mahra) अल मख्तूम, हाल ही में एक बार फिर सुर्खियों में आई हैं। वह दुबई के शासक शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मख्तूम की 30 वर्षीय बेटी हैं। शेखा महरा ने जुलाई 2024 में अपने पति को सार्वजनिक रूप से तलाक देकर मीडिया में काफी हलचल मचा दी थी। इसके बाद उन्होंने अब एक परफ्यूम ब्रांड लॉन्च किया है, जिसका नाम उन्होंने ‘Divorce’ रखा है, जो उनके तलाक से जुड़े विवाद के कारण और भी ज्यादा ध्यान आकर्षित कर रहा है।
शेखा महरा ने जुलाई में इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने अपने पति, शेख माना बिन मोहम्मद बिन राशिद बिन माना अल मख्तूम को सार्वजनिक रूप से तलाक देने की घोषणा की। अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा था, “प्रिय पति, आप अन्य महिलाओं के साथ व्यस्त हैं, इस वजह से मैं तलाक की घोषणा करती हूं। मैं आपको तलाक देती हूं, तलाक देती हूं, तलाक देती हूं।” इस पोस्ट के अनुसार, शेखा ने अपने पति पर बेवफाई का आरोप लगाया था, जो उनकी शादी में दरार का कारण बना। इस अप्रत्याशित कदम ने न केवल दुबई के सामाजिक दायरे में बल्कि दुनिया भर में भी चर्चा का विषय बना दिया था।
शेखा महरा और शेख माना की शादी मई 2023 में हुई थी। इस शादी को दुबई के शाही परिवार के एक महत्वपूर्ण आयोजन के रूप में देखा गया था। मई 2024 में, कपल एक बेटी के माता-पिता बने। हालांकि, बेटी के जन्म के केवल दो महीने बाद, शेखा महरा ने अपने पति को तलाक दे दिया। उनके इस कदम ने तब और ज्यादा ध्यान आकर्षित किया, जब उन्होंने तलाक की घोषणा इंस्टाग्राम पर की, जो आमतौर पर किसी राजकुमारी से अपेक्षित नहीं था।
परफ्यूम का नाम ‘Divorce’ होने के चलते, इस परफ्यूम को लेकर सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हो रही है। कई लोगों ने इस नाम को साहसी और आत्मविश्वास से भरा बताया। कुछ ने मजाक में कहा कि अब उनके पूर्व पति को इस नाम से हैरानी होगी। कुछ यूजर्स ने कहा कि यह परफ्यूम शायद ‘आजादी की खुशबू’ देता होगा।शेखा महरा का यह कदम महिलाओं की सशक्तिकरण की एक मिसाल के रूप में भी देखा जा रहा है। एक यूजर ने लिखा, “2024 में तलाक के बाद महिलाएं रोने के बजाय अपने सपनों का पीछा करती हैं।” अपने परफ्यूम ब्रांड की लॉन्चिंग के साथ, शेखा महरा ने यह भी संदेश दिया है कि रिश्तों में अगर प्यार और विश्वास न हो, तो महिलाओं को अपने लिए कड़े फैसले लेने से पीछे नहीं हटना चाहिए। उनका यह कदम इस बात को दर्शाता है कि शाही परिवार की महिलाएं भी अब अपने फैसलों में स्वतंत्रता चाहती हैं और समाज के दबाव से नहीं डरतीं।शेखा महरा का यह परफ्यूम ब्रांड और इसके अनोखे नाम ने न सिर्फ दुबई बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी लोगों का ध्यान खींचा है।

