Punjab: अबोहर में एक प्रेमी जोड़े द्वारा भागकर लव मैरिज करवाने और उसके बाद लड़की के डिप्रेशन में जाने का मामला सामने आया है। जानकारी मुताबिक, प्रेमी जोड़े ने हाईकोर्ट में लव मैरिज करवाई थी। नवविवाहित इस जोड़े का आरोप है कि उन्हें उनके परिवार वालों द्वारा लगातार धमकियां मिल रही हैं।
अबोहर की ईदगाह बस्ती के रहने वाले मोहित ने जैतो मंडी निवासी ज्योति (उम्र 26) से 20 दिन पहले हाईकोर्ट में शादी करवाई थी। इसके बाद लड़की का चाचा ससुर, बुआ, फूफा व उनकी बेटी उसे कई तरह की धमकियां दे रहे हैं। जब लड़का काम पर था तो लड़की को फोन आया कि घर छोड़ कर चले जाओ नहीं जान से मार देंगे। इसके बाद से ही लड़की डर के कारण डिप्रेशन में आ गई, जिसके बाद उसके पति ने उसकी हालत देख उसे अस्पताल में भर्ती करवाया। गौरतलब है कि नवविवाहित जोड़ा पहले ही पुलिस के उच्च अधिकारियों से सुरक्षा की मांग कर चुका है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए ज्योति पत्नी मोहित ने बताया कि उसने 16 जुलाई को पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट में मोहित के साथ लव मैरिज करवाई थी। इसके बाद उसने पुलिस अधिकारियों से भी शिकायत की कि मोहित का परिवार उसे पसंद नहीं करता और इस शादी से सहमत नहीं है और उसे धमकाता है, इसलिए उसकी सुरक्षा की जाए।

