The Great Wall – हिमाचल में शुक्रवार सुबह से रुक-रुक कर हिमपात व वर्षा का क्रम जारी रहा। रोहतांग, शिंकुला व बारालाचा दर्रे में दो-दो फीट हिमपात हुआ जबकि मनाली में ओले गिरे हैं। कुफरी व नारकंडा में करीब दो से तीन इंच, जबकि चौपाल के कई क्षेत्रों में चार से पांच इंच तक हिमपात दर्ज किया है।
हिमपात के कारण अटल टनल रोहतांग पर्यटकों के लिए बंद कर दी है। लाहुल घाटी में हिमपात के कारण बस सेवा बंद हो गई है। कल्पा में तीन, कुफरी में दो, मनाली में पांच, शिमला, ऊना, नाहन व कांगड़ा में दो-दो, जुब्बड़हट्टी व डलहौजी में तीन-तीन मिलीमीटर वर्षा हुई है।
अभी तक पर्याप्त वर्षा नहीं हुई है, जिसके कारण सेब सहित अन्य फलदार पौधे नहीं लगेंगे और फसलों की बिजाई भी नहीं होगी। न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस का अंतर आया है। अधिकतम तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। आगामी 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने का अनुमान है।

