Punjab: इलाके में आवारा कुत्तों ने आतंक मचाया हुआ है। इसी बीच एक खबर सामने आई है जहां एक महिला सहित 2 लोगों पर आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया। जानकारी के मुताबिक, यहां के वार्ड नंबर-1 में आवारा कुत्तों ने एक महिला समेत 2 लोगों को नोच डाला, जिन्हें सिविल अस्पताल भर्ती करवाया गया। वार्ड-1 निवासी रवनीत कौर ने बताया कि जब वह सुबह सैर करके आ रही थी तो गली में आवारा कुत्तों ने उसे घेर लिया और बुरी तरह लहूलुहान कर दिया। इसी बीच यहां आवारा कुत्तों ने गोबिंद नाम के एक व्यक्ति पर भी हमला कर उसे काट डाला।
उन्होंने बताया कि वह टेलीफोन एक्सचेंज के पास एक लकड़ी की फैक्ट्री में सामान लेकर आए थे और जैसे ही गाड़ी से उतरे तो कुत्तों ने उन्हें काट लिया। शहरवासियों ने जिला प्रशासन व सरकार से आवारा कुत्तों से निजात दिलाने की मांग की है। वार्ड नंबर 4 के रहने वाले विशाल को भी आवारा कुत्तों ने काट लिया था और इलाज के बावजूद जब घाव ठीक नहीं हुआ तो डॉक्टरों को उसकी टांग काटनी पड़ी। पीड़ित व्यक्ति ने बताया कि वह खड़े होकर कपड़े प्रेस करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे, लेकिन अब वह खड़े होकर प्रेस करने में भी असहाय हैं। विशाल ने प्रशासन से आर्थिक मदद की मांग की।

